जालंधर: पंजाब में केंद्रीय जांच एजेंसियों का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की टीम ने जालंधर के गढ़ा इलाके के तहत आने वाले न्यू हरदयाल नगर स्थित दो घरों में गुप्त रूप से छापेमारी (Raid) की है। इस कार्रवाई के दौरान एनआईए की टीम ने दोनों घरों की बारीकी से तलाशी ली और वहां से कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए हैं।

2021 के टिफिन बम मामले से जुड़ा है कनेक्शन: सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, एनआईए की यह पूरी कार्रवाई वर्ष 2021 में सामने आए चर्चित ‘टिफिन बम’ मामले के सिलसिले में की गई है। हालांकि, मामला संवेदनशील होने के कारण थाना नंबर-7 के पुलिस अधिकारियों ने इस पर ज्यादा खुलासे करने से बचते हुए केवल इतना कहा कि एनआईए की टीम शहर में आई थी और संबंधित लोगों को नोटिस थमाकर रवाना हुई है।
सुरक्षा एजेंसियों की कड़ी नजर: पंजाब में आतंकी सिंडिकेट और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों की यह कार्रवाई काफी अहम मानी जा रही है। एनआईए यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जालंधर के इन ठिकानों का टिफिन बम मामले या उससे जुड़े स्लीपर सेल से क्या संपर्क रहा है। टीम द्वारा जब्त किए गए दस्तावेजों और नोटिस के आधार पर आगे की बड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।








