जालंधर: शहर में आयोजित होने जा रही एशियन हॉकी चैंपियनशिप के मद्देनजर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। बाहर से आने वाले मेहमानों और खिलाड़ियों के स्वागत से पहले शहर को अतिक्रमण मुक्त और सुंदर बनाने के लिए निगम ने अवैध कब्जों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में नगर निगम ने भगत सिंह कॉलोनी में बनी झुग्गियों को खाली करने के लिए लोगों को 3 दिन का सख्त अल्टीमेटम दिया है।

बुधवार को करवाई गई मुनादी (अनाउंसमेंट): नगर निगम की तहबाजारी ब्रांच के सुपरिंटैंडैंट कुलविंदर सिंह नागरा की अगुवाई में निगम की टीम बुधवार को भगत सिंह कॉलोनी पहुंची। इलाके में लाउडस्पीकर के जरिए अनाउंसमेंट करवाकर लोगों को चेतावनी दी गई कि वे तय समय के भीतर खुद अपनी झुग्गियां हटा लें। बताया जा रहा है कि इन अवैध कब्जों और झुग्गियों को लेकर प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
मकसूदां और DAV कॉलेज पुल के पास भी कार्रवाई: भगत सिंह कॉलोनी के अलावा निगम का डंडा अन्य कई इलाकों में भी चला है। तहबाजारी टीम ने मकसूदां के सामने तथा DAV कॉलेज के पुल के नीचे रेलवे लाइनों के पास बनी झुग्गियों को भी जल्द से जल्द हटाने के कड़े निर्देश दिए हैं। इन सभी स्थानों पर निगम द्वारा चेतावनी जारी कर दी गई है।
गुलाब देवी रोड पर हटे पक्के कब्जे, रेहड़ी-फड़ वालों को हिदायत: बुधवार को ही नगर निगम की टीम ने गुलाब देवी रोड पर विशेष अभियान चलाते हुए कई अवैध पक्के कब्जे बुलडोजर और अन्य माध्यमों से हटाए। निगम कमिश्नर के सख्त निर्देशों के तहत रेहड़ी-फड़ लगाने वालों को भी हिदायत दी गई है कि वे फुटपाथों पर कब्जा न करें और अपनी रेहड़ियां इस तरह लगाएं कि आम जनता व पैदल यात्रियों को आवाजाही में कोई परेशानी न हो। निगम अधिकारियों का कहना है कि एशियन हॉकी चैंपियनशिप के दौरान शहर की साख और सुंदरता बनाए रखने के लिए यह एंटी-एंक्रोचमेंट ड्राइव आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रहेगी।








