जालंधर/चंडीगढ़: पंजाब के बुनियादी ढांचे और ट्रांसपोर्ट सिस्टम को नई पहचान देने जा रहा दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे आने वाले दिनों में राज्य के लिए बड़ा गेमचेंजर साबित होने वाला है। 667 किलोमीटर लंबा यह ग्रीनफील्ड कॉरिडोर हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर को आपस में जोड़ेगा, जिससे राज्यों के बीच सफर बेहद सुगम और तेज हो जाएगा।

पंजाब के इन 7 जिलों को सीधा फायदा: यह एक्सप्रेसवे पंजाब के व्यापारिक और प्रमुख शहरों से होकर गुजरेगा, जिनमें जालंधर, लुधियाना, कपूरथला, संगरूर, मलेरकोटला, पटियाला और गुरदासपुर शामिल हैं। इससे न केवल आम यात्रियों को सहूलियत होगी, बल्कि राज्य में व्यापार और लॉजिस्टिक्स को भी भारी बढ़ावा मिलेगा।
आधे से भी कम रह जाएगा सफर का समय: वर्तमान में दिल्ली से कटरा तक का सफर तय करने में करीब 14 घंटे का समय लगता है, जो एक्सप्रेसवे चालू होने के बाद घटकर मात्र 6 घंटे रह जाएगा। वहीं, दिल्ली से अमृतसर की दूरी भी 8 घंटे की जगह महज 4 घंटे में पूरी हो सकेगी।
चरणबद्ध तरीके से चालू करने की योजना: प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य फिलहाल प्रगति पर है और कुछ पैकेजों के लिए दोबारा टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। एनएचएआई (NHAI) की योजना इस एक्सप्रेसवे के तैयार हिस्सों को चरणबद्ध तरीके (phase-wise) से जनता के लिए शुरू करने की है।









