जालंधर: शहर में वाहन चोरों के हौसले बुलंद हैं और वे पुलिस के खौफ से बेपरवाह होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताज़ा मामला जालंधर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में से एक ‘अटारी बाजार’ से सामने आया है, जहां सुबह के समय दिनदहाड़े एक दुकान के बाहर से एक्टिवा चोरी हो गई।

लोगों की आवाजाही के बीच दिया वारदात को अंजाम: जानकारी के मुताबिक, पीड़ित दुकानदार की दुकान पंज प्यारा गुरुद्वारा साहिब के पास, सोनू की हट्टी के समीप स्थित है। उसने अपनी एक्टिवा (नंबर: PB 08 FG 4836) रोज की तरह दुकान के बाहर खड़ी की थी। सुबह करीब 11:30 बजे स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध युवक वहां पहुंचे। मौका देखते ही एक युवक नीचे उतरा और खड़ी एक्टिवा का लॉक खोलकर उसे लेकर फरार हो गया, जबकि उसका साथी दूसरी स्कूटी पर उसके साथ निकल गया।
CCTV में कैद हुई वारदात: दुकानदार ने तुरंत चोर का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी अपने साथी के साथ रफूचक्कर होने में कामयाब रहे। यह पूरी घटना बाजार में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें चोरों की हरकतें और चेहरा साफ दिखाई दे रहा है।
दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता: दिनदहाड़े इतने व्यस्त बाजार में हुई चोरी की घटना से स्थानीय व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर भारी रोष और चिंता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर एक्टिवा की तलाश की जा रही है।









