जगराओं/पंजाब: पंजाब में सीमा पार से चल रहे नशा तस्करी के बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और BSF ने बड़ी सफलता हासिल की है। नशे की इस अवैध कमाई को हवाला के जरिए पाकिस्तान भेजने वाले नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने जगराओं से कपिल गर्ग उर्फ पारस गर्ग को गिरफ्तार किया है।

पाकिस्तान और दुबई से जुड़े तार: जांच एजेंसियों के अनुसार, गिरफ्तार कपिल गर्ग की मुख्य भूमिका नशे के कारोबार से मिलने वाले करोड़ों रुपये के लेनदेन को संभालने की थी। जांच में उसके संपर्क पाकिस्तान में बैठे कुख्यात तस्कर शहजाद भट्टी से होने के सबूत मिले हैं। यह रकम सीधे पाकिस्तान भेजने के बजाय दुबई और अन्य विदेशी रूटों के जरिए घुमाकर भेजी जाती थी।
ड्रोन से मिली टेक्निकल लीड ने खोला राज: इस पूरे हवाला नेटवर्क का खुलासा 1 मार्च को BSF द्वारा बरामद 12.35 किलो हेरोइन (24 पैकेट) और पाकिस्तानी ड्रोन की तकनीकी जांच (फॉरेंसिक एनालिसिस) के बाद हुआ। ड्रोन डेटा, कॉल डंप और मोबाइल सर्विलांस की मदद से एजेंसियों ने मार्च महीने से संदिग्धों पर शिकंजा कसना शुरू किया, जिसकी कड़ी आखिर में जगराओं के इस हवाला कारोबारी तक पहुंची।
करोड़ों की ड्रग मनी और लग्जरी गाड़ियों का काफिला जब्त: जांच के दौरान अब तक पुलिस कुल 24.750 किलोग्राम हेरोइन, ₹49.94 लाख की ड्रग मनी और तस्करी में इस्तेमाल या नशे की कमाई से खरीदी गई 6 लग्जरी गाड़ियां (BMW, Fortuner, Scorpio-N, Hilux, Thar और Mahindra XUV) जब्त कर चुकी है। पुलिस मामले में आगे की वित्तीय जांच में जुटी है।









