जालंधर/नकोदर: पंजाब में बेखौफ स्नैचरों और लुटेरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला नकोदर के पास स्थित गांव बिलगा से सामने आया है, जहां दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने बैंक से पैसे निकालकर लौट रही एक महिला को अपना शिकार बना लिया।

झांसा देकर हाथ से छीना लिफाफा: पीड़ित महिला की पहचान पट्टी नीलोवाल निवासी दलजीत कौर के रूप में हुई है। दलजीत कौर बैंक से नकदी निकालकर बाहर निकली ही थीं कि कुछ ही दूरी पर बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। जब तक महिला कुछ समझ पाती, बदमाश झपट्टा मारकर उनके हाथ से लिफाफा छीनकर मौके से फरार हो गए।
कैश, मोबाइल और चाबियां ले उड़े स्नैचर: पीड़िता के मुताबिक, छीने गए लिफाफे में 20,000 रुपये की नकदी, उनके घर की चाबियां और मोबाइल फोन मौजूद था। दिन के समय हुई इस दुस्साहसिक वारदात से स्थानीय लोगों और दुकानदारों में भारी दहशत व्याप्त है।
पुलिस ने शुरू की तलाश: घटना की सूचना तुरंत बिलगा पुलिस थाने को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की। थाना प्रभारी दिलबाग सिंह ने बताया कि पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी बढ़ा दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिए संदिग्धों की पहचान की जा रही है।









