जालंधर: डिजिटल दौर में लगातार बढ़ रहे साइबर अपराध, सेक्सटॉर्शन और ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग के मामलों को गंभीरता से लेते हुए जालंधर पुलिस कमिश्नरेट ने शहरवासियों के लिए एक विशेष एडवाइजरी जारी की है। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने नागरिकों को आगाह किया है कि वे सोशल मीडिया और इंटरनेट का इस्तेमाल करते समय अत्यधिक सावधानी बरतें।

अनजान लोगों पर न करें भरोसा: पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शातिर साइबर अपराधी सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर पहले लोगों से दोस्ती करते हैं, उनका विश्वास जीतते हैं और फिर पर्सनल तस्वीरें या वीडियो हासिल कर उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर देते हैं। मांग पूरी न होने पर पर्सनल कंटेंट को रिश्तेदारों, दोस्तों या इंटरनेट पर वायरल करने की धमकियां दी जाती हैं।
ब्लैकमेलरों के दबाव में न आएं, पैसे न दें: CP सतिंदर सिंह ने स्पष्ट किया है कि अगर कोई आपको ब्लैकमेल करता है, तो घबराने या दबाव में आकर पैसे देने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस से संपर्क करें। जांच को मजबूत बनाने के लिए अपराधी से हुई चैट, फोन नंबर, सोशल मीडिया प्रोफाइल लिंक और स्क्रीनशॉट जैसे डिजिटल सबूत संभालकर रखें।
हेल्पलाइन नंबर जारी (97791-00200): जालंधर पुलिस ने साइबर क्राइम और सेक्सटॉर्शन की शिकायत दर्ज कराने के लिए ‘युद्ध जागरूकता’ हेल्पलाइन नंबर 97791-00200 जारी किया है। पुलिस ने भरोसा दिया है कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी। नागरिकों से ‘सुरक्षित सोचें, सुरक्षित रहें’ का आह्वान करते हुए प्राइवेसी सेटिंग्स मजबूत रखने की अपील की गई है।









