जालंधर: शहर में कानून का खौफ किस कदर अपराधियों के सिर से गायब हो चुका है, इसकी बानगी थाना नंबर-3 के बिल्कुल नजदीक देखने को मिली है। सेंट्रल टाउन इलाके में रात के वक्त सो रहे एक चौकीदार को बदमाशों ने निशाना बनाया और डंडों से पीटकर उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।

सोते हुए चौकीदार को उठाया और की मारपीट: पीड़ित चौकीदार अवनीश, जो पिछले डेढ़ साल से इलाके में चौकीदारी कर रहे हैं, ने बताया कि बीती रात बाइक पर सवार होकर दो अज्ञात युवक उनके पास आए। उन्होंने सोते से जगाते हुए धमकी दी कि “जो कुछ है, निकाल दो।” जब चौकीदार ने इसका विरोध किया, तो एक आरोपी ने अपने पास रखे डंडे से उसके हाथ और सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जबकि दूसरे ने उसकी तलाशी ली।
ट्रक आने पर भागे, फिर दोबारा आकर दिया वारदात को अंजाम: इस दौरान रास्ते से एक ट्रक गुजरता हुआ दिखाई दिया, जिसे देखकर दोनों बदमाश कुछ देर के लिए वहां से हट गए। लेकिन जैसे ही ट्रक आगे निकला, वे फिर वापस आ गए और चौकीदार पर दोबारा हमला कर उसका मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से स्थानीय दुकानदारों और सुरक्षाकर्मियों में भारी दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।









