उत्तरी भारत के प्रसिद्ध और आस्था के केंद्र श्री सिद्ध बाबा सोढल मेले को लेकर जालंधर पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। आगामी 25 सितंबर को आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक मेले में देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए करीब 1500 पुलिस जवानों को मैदान में उतारा जा रहा है। इसमें कमिश्नरेट पुलिस के साथ-साथ बाहरी जिलों से बुलाई गई अतिरिक्त पुलिस फोर्स भी शामिल रहेगी।

मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर जगरूप बाठ ने बताया कि मेले के दौरान सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसके लिए एक केंद्रीय कंट्रोल रूम बनाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए एआरपी, बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की विशेष टीमें लगातार चेकिंग करेंगी। इसके अलावा, 30 जीओ, 30 एसएचओ और इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में जवान दो शिफ्टों में 24 घंटे लगातार ड्यूटी देंगे। भीड़ के बीच असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए पुलिसकर्मी सिविल कपड़ों में भी तैनात रहेंगे।
ट्रैफिक प्लान और नागरिक सुविधाएं: मेले के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने अलग से रूट मैप तैयार किया है और वाहनों के लिए पार्किंग स्थल तय किए हैं। नगर निगम द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और सफाई के विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। डीसीपी ने साफ चेतावनी दी है कि मेले में हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति, संदिग्ध वस्तु/व्यक्ति या बच्चे के गुम होने की सूरत में लोग तुरंत कंट्रोल रूम या पीसीआर नंबरों पर संपर्क कर सकेंगे।







