फगवाड़ा/जालंधर: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हुए बवाल के मामले में अब एक चौंकाने वाली CCTV फुटेज सामने आई है। इस नई फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि यूनिवर्सिटी परिसर के शॉपिंग सेंटर में शटर खुलते ही दर्जनों उपद्रवी दुकानों के अंदर घुस गए। वायरल वीडियो एक मोबाइल शॉप का बताया जा रहा है, जहां उपद्रवी काउंटर पर चढ़कर सामान लूटते और उसे अपने बैग्स में भरकर भागते नजर आ रहे हैं।

यौन उत्पीड़न की अफवाहों के बाद बिगड़े थे हालात: गौरतलब है कि शनिवार, 26 सितंबर की देर रात यूनिवर्सिटी परिसर में यौन उत्पीड़न (रेप) की झूठी अफवाह फैलने के बाद भारी संख्या में छात्रों ने जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की थी।
चांसलर अशोक मित्तल ने तोड़ी चुप्पी: मामले पर चुप्पी तोड़ते हुए राज्यसभा सांसद और LPU के चांसलर अशोक मित्तल ने स्पष्ट किया कि कैंपस में रेप की कोई घटना नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी की संपत्ति को नुकसान किसने पहुंचाया और यह खौफनाक अफवाह किसने फैलाई, यह एक गंभीर जांच का विषय है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से इस पूरे षड्यंत्र की गहराई से जांच करने की अपील की है।









