जालंधर: पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जालंधर ग्रामीण पुलिस के CIA स्टाफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नकोदर की दाना मंडी से एक कैंटर से 405 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद कर चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

मध्य प्रदेश से लाई गई थी खेप: SSP जालंधर ग्रामीण हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि CIA स्टाफ के प्रभारी इंस्पेक्टर पुष्प बाली को गुप्त सूचना मिली थी कि मध्य प्रदेश से भारी मात्रा में डोडा पोस्त लाकर नकोदर, शाहकोट और कपूरथला इलाकों में सप्लाई किया जा रहा है। सूचना मिलते ही SI कश्मीर सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने नकोदर दाना मंडी में घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की।
27 बोरियों में भरा था 405 किलो डोडा पोस्त: दाना मंडी में संदिग्ध हालत में खड़े एक सफेद कैंटर (HR-69-C-1590) के चालक ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे दबोच लिया। आरोपी की पहचान वरिंदर सिंह उर्फ काली (निवासी श्री मुक्तसर साहिब) के रूप में हुई है। कैंटर की तलाशी लेने पर 27 प्लास्टिक के थैले मिले, जिनमें से प्रत्येक में 15-15 किलो (कुल 405 किलोग्राम) डोडा पोस्त भरा हुआ था।
जांच में जुटी पुलिस: थाना सिटी नकोदर में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर यह पता लगा रही है कि मध्य प्रदेश में यह खेप किसने सौंपी थी और पंजाब में इसे किन-किन लोकल तस्करों तक पहुंचाया जाना था।









