अमृतसर : सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू हत्याकांड मामले में पंजाब पुलिस ने एक बहुत बड़ी सफलता हासिल की है। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस के मुख्य आरोपी जोबनप्रीत को पुलिस ने महाराष्ट्र के मुंबई से दबोच लिया है। यह कार्रवाई जालंधर काउंटर इंटेलिजेंस (Counter Intelligence) और मुंबई ATS की संयुक्त टीम द्वारा एक गुप्त ऑपरेशन के तहत की गई है।

डीजीपी गौरव यादव ने एक्स (X) पर दी जानकारी: पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि करते हुए लिखा कि मैड संधू मर्डर केस में यह एक बड़ी कामयाबी है। आरोपी जोबनप्रीत के पास से पुलिस ने 3 पिस्तौल, 5 मैगजीन और 11 कारतूस भी बरामद किए हैं।
विदेश बैठे हैंडलर्स से जुड़े हैं तार: शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि जोबनप्रीत विदेश में बैठे अपने आकाओं और हैंडलर्स के इशारे पर काम करता था। उसकी मुख्य भूमिका गैंग के शूटर्स तक हथियार पहुंचाने, उनकी फंडिंग करने और लॉजिस्टिकल सपोर्ट (Logistic Support) मुहैया कराने की थी। इसके अलावा, उसने पूछताछ में तरनतारन जिले में रंगदारी से जुड़ी फायरिंग की तीन वारदातों में भी अपनी संलिप्तता कबूल कर ली है।
गैंगस्टर नेटवर्क पर शिकंजा: पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि इस बड़े सिंडिकेट के आगे और पीछे के तमाम कनेक्शनों का पर्दाफाश किया जा सके। पंजाब पुलिस संगठित अपराध और गैंगस्टर संस्कृति को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।









