जम्मू: नवरात्रि और दशहरा के शुभ अवसर पर श्री माता वैष्णो देवी कटरा जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ी राहत दी है। त्यौहारों के सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे ने नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच आरक्षित ‘फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन’ (ट्रेन संख्या 04081/04082) चलाने का फैसला लिया है।
फेरों में बढ़ोतरी: पहले इस स्पेशल ट्रेन को 8 अक्टूबर से 26 अक्टूबर के बीच चलाने की योजना थी। लेकिन नवरात्रि और दशहरे की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त फेरे जोड़ते हुए इसे 2 अक्टूबर से 5 अक्टूबर के बीच भी चलाने का निर्णय लिया है।
ट्रेन का पूरा शेड्यूल और टाइमिंग:
-
नई दिल्ली से कटरा (ट्रेन संख्या 04081): यह ट्रेन 2, 3 और 4 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली से रात 11:45 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 12:00 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा पहुंचेगी।
-
कटरा से नई दिल्ली (ट्रेन संख्या 04082): वापसी में यह ट्रेन 3, 4 और 5 अक्टूबर 2026 को कटरा से रात 9:00 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 10:00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
इन मुख्य स्टेशनों पर होगा ठहराव: यह स्पेशल ट्रेन यात्रा के दौरान पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, जम्मू तवी और शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में रुकेगी।









