जालंधर: जिले के गांव ढड्डा से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक बच्चे की जन्मदिन की पार्टी के दौरान अचानक गोलियां चल गईं। इस गोलीबारी की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चा और फोटोग्राफर गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद पार्टी में जश्न का माहौल पलभर में मातम और अफरा-तफरी में बदल गया।

मृतका की हुई पहचान: पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान 42 वर्षीय अमनदीप कौर (निवासी होशियारपुर) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही थाना पतारा की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
पुलिस जांच में जुटी: मौके पर पहुंचे थाना पतारा के SHO नरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में हत्या और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर पार्टी के दौरान किन परिस्थितियों में और किस विवाद के चलते गोलियां चलीं। पुलिस आसपास के लोगों के बयान दर्ज कर रही है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है।









