जालंधर में अपराध पर नकेल कसते हुए पुलिस ने एक बड़ी वारदात की साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने एक बड़े शोरूम पर फायरिंग करने की योजना बना रहे दो बदमाशों और एक महिला को गिरफ्तार किया है।
मामले की जांच के दौरान जब पुलिस मुख्य आरोपी सुखजिंदर उर्फ प्रिंस (निवासी तरनतारन) को छिपाए गए हथियार बरामद करवाने के लिए जमशेरपुर डेयरी कॉम्प्लेक्स के पास लेकर पहुंची, तो आरोपी ने पुलिस टीम को चकमा देकर भागने का प्रयास किया। आरोपी ने अचानक पुलिस पर ही फायरिंग झोंक दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया, जिसे तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी शहर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, जिन्हें इलाके में लगे सरकारी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज के आधार पर ट्रैक कर गिरफ्तार किया गया था। पुलिस अब पकड़े गए बाकी साथियों से पूछताछ कर रही है।









