कमिश्नरेट पुलिस जालंधर के थाना 5 की पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए कूरियर सर्विस की आड़ में चल रहे एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में 3 युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 किलो अफीम, 5 हजार नशीली गोलियां (प्रीगैबलिन) और ₹22 हजार की ड्रग मनी बरामद की है।

मामले की जानकारी देते हुए ADCP सिटी-2 माधवी शर्मा, ACP वेस्ट आतिश भाटिया और थाना 5 के SHO संजीव सूरी ने बताया कि विशेष नाकेबंदी के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे शुभम शर्मा को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 1 किलो अफीम और ₹22 हजार कैश बरामद हुआ।
कूरियर के जरिए दूसरे राज्यों से आता था नशा कड़ाई से पूछताछ करने पर शुभम ने खुलासा किया कि वह अपने दो साथियों—साहिल और आदर्श के साथ मिलकर नशा तस्करी का धंधा चलाता है। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साहिल और आदर्श को भी दबोच लिया, जिनके कब्जे से 5,000 नशीली गोलियां बरामद हुईं।
ACP आतिश भाटिया ने बताया कि तीनों आरोपी कूरियर सर्विस का सहारा लेकर दूसरे राज्यों के तस्करों से नशे की खेप मंगवाते थे और फिर उसे स्थानीय स्तर पर सप्लाई करते थे। पुलिस अब इस पूरे कूरियर नेटवर्क और सप्लायरों की कड़ियों को खंगाल रही है, ताकि इस धंधे से जुड़े अन्य चेहरों को भी बेनकाब किया जा सके।







