भारतीय जनता पार्टी जालंधर शहरी के जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की की अध्यक्षता में परागपुर जी.टी. रोड स्थित रैली स्थल पर 30 सितंबर को होने वाली केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की विशाल ‘नशा मुक्ति महारैली’ की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस मौके पर कार्यक्रम की सफलता और पंजाब की खुशहाली के लिए हवन-यज्ञ, अरदास और हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।

अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि 50 एकड़ भूमि पर आयोजित होने जा रही यह ऐतिहासिक महारैली पंजाब के उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करेगी। पूरे राज्य से आने वाले हज़ारों लोगों की सुविधा के लिए पार्किंग, पेयजल, मेडिकल सहायता और सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए जा रहे हैं।

युवाओं को नशे के दलदल से निकालना ही प्राथमिकता भाजपा अध्यक्ष ने ज़ोर देकर कहा कि पंजाब इस समय नशे की गंभीर समस्या से जूझ रहा है और भाजपा इसे जड़ से खत्म करने के लिए संकल्पबद्ध है। अमित शाह की यह रैली युवाओं को नशा मुक्त कर रोजगार, शिक्षा और बेहतर भविष्य देने के संकल्प को और मजबूत करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तरक्की कर रहा है और अब पंजाब को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल, पूर्व सांसद सुशील कुमार रिंकू, शीतल अंगुराल, कृष्ण देव भंडारी, जगबीर बराड़, कर्मजीत कौर चौधरी, सुशील शर्मा, सरबजीत सिंह मक्कड़, राजेश कपूर, अमित भाटिया और मनीष विज सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। हिक्की ने पंजाब वासियों से 30 सितंबर को भारी संख्या में पहुंचकर रैली को सफल बनाने की अपील की।







