जालंधर: शहर में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस कमिश्नर (CP) सतिंदर सिंह ने जालंधरवासियों के लिए एक विशेष जागरूकता संदेश और सख्त चेतावनी जारी की है। CP सतिंदर सिंह ने नागरिकों से अवैध हथियारों से पूरी तरह दूर रहने और किसी भी परिस्थिति में कानून अपने हाथ में न लेने की पुरजोर अपील की है।

अवैध हथियार रखना और प्रदर्शन करना गंभीर अपराध: पुलिस कमिश्नरेट द्वारा जारी निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि अवैध हथियार रखना, उन्हें साथ लेकर घूमना, उनका प्रदर्शन करना, निर्माण करना या खरीद-फरोख्त करना कानूनन संगीन अपराध है। CP ने कहा कि अवैध हथियार न केवल समाज में हिंसा और अपराध को बढ़ावा देते हैं, बल्कि व्यक्ति की खुद की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा हैं।
युवाओं और अभिभावकों को विशेष सलाह: पुलिस कमिश्नर ने अभिभावकों और युवाओं से अपील की है कि वे हथियारों के कल्चर और सोशल मीडिया पर इनके प्रदर्शन से दूर रहें। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया: “अवैध हथियारों को न कहें, जिम्मेदार नागरिक बनें।”
संदिग्ध दिखे तो तुरंत 112 पर करें कॉल: CP सतिंदर सिंह ने स्पष्ट किया कि किसी भी विवाद में खुद कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचित करें। यदि इलाके में कोई संदिग्ध व्यक्ति, अवैध हथियार या आपराधिक गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत 112 पर संपर्क करें। सूचना देने वाले का सहयोग शहर को अपराध-मुक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।









