फाजिल्का: पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फाजिल्का पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। CIA फाजिल्का की टीम ने भारत-पाकिस्तान सीमा के पास कार्रवाई करते हुए 4 किलोग्राम हेरोइन के साथ 3 नशा तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

बॉर्डर के पास संदिग्ध हालत में धराए आरोपी: 29 सितंबर 2026 को ASI रणजीत सिंह और CIA इंचार्ज इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम थाना सदर जलालाबाद क्षेत्र में गश्त पर थी। ढाणी बचन सिंह से बॉर्डर की ओर जाने वाली कच्ची सड़क के पास पुलिस ने खेतों में एक मोटर के कमरे के पास 3 संदिग्धों को देखा। पुलिस को देखकर आरोपियों ने छिपने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद टीम ने उन्हें चारों तरफ से घेरकर काबू कर लिया।
जांच में हुई हेरोइन की बरामदगी: SP सब डिविजन जलालाबाद लवदीप सिंह (PPS) की मौजूदगी में जब आरोपियों के प्लास्टिक थैले की तलाशी ली गई, तो उसमें से 4 किलो हेरोइन बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान संजीव सिंह उर्फ संजू, धीरज पाल उर्फ धीरज और मंदीप सिंह उर्फ दीपी (तीनों निवासी जल्ला लक्खे के हिठाड़, जलालाबाद) के रूप में हुई है।
ड्रोन से मंगवाई थी पाकिस्तानी खेप: शुरुआती पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ है कि आरोपी पहले फिरोजपुर के एक तस्कर के जरिए नशे की सप्लाई करते थे। लेकिन उस तस्कर के जेल जाने के बाद इन्होंने खुद पाकिस्तान में बैठे स्मगलर से सीधा संपर्क साधा और ड्रोन के जरिए हेरोइन की यह बड़ी खेप मंगवाई। पुलिस अब इनके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स की गहराई से जांच कर रही है।









