फगवाड़ा: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रों के प्रदर्शन का मामला शांत होने के बाद अब एक नया विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक यूनिवर्सिटी परिसर के अंदर घुसकर कथित तौर पर प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाते नजर आ रहे हैं।

छात्रा का बड़ा दावा: वायरल वीडियो में रेमिया मिश्रा नाम की एक युवती ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शन के दौरान यूनिवर्सिटी का छात्र मोहम्मद फरद सबसे पहले DSW (Directorate of Student Welfare) कार्यालय में दाखिल हुआ। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि इसके बाद अन्य युवकों ने अंदर घुसकर CCTV कैमरों समेत अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया।

आरोपी छात्र ने दी सफाई: CCTV फुटेज और वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी छात्र मोहम्मद फरद ने सोशल मीडिया पर स्टेटस डालकर अपनी सफाई दी है। उसने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह तोड़फोड़ में शामिल नहीं था, बल्कि वहां मौजूद उग्र भीड़ को पीछे हटाने और साइड करने की कोशिश कर रहा था।
फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग दावे और प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रबंधन प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं की जांच कर रहे हैं। परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उस दौरान कौन-कौन लोग अंदर दाखिल हुए थे।
जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या यूनिवर्सिटी में तोड़फोड़ के दौरान किसी बाहरी व्यक्ति की भूमिका थी। पुलिस जांच और CCTV फुटेज के आधार पर ही तस्वीर साफ होगी कि नुकसान पहुंचाने वाले लोग कौन थे और उनकी भूमिका क्या रही।









