जालंधर: पंजाब में स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) पर तबाही मचाने और BSF हेडक्वार्टर को निशाना बनाने की साजिश में शामिल मुख्य आरोपियों में से एक को जालंधर देहात पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस ने पिछले 70 दिनों से फरार चल रहे आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा के साथी रणदीप सिंह उर्फ मोनू (निवासी गांव ढंडेर, जालंधर) को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

सीमा पार से लाया था IED की खेप: पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि आरोपी रणदीप सिंह सीमा पार (पाकिस्तान) से आईईडी (विस्फोटक सामग्री) की खेप लेकर आया था, जिसका इस्तेमाल स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बड़े धमाके के लिए किया जाना था। यह पूरी साजिश पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI द्वारा चलाए जा रहे बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) मॉड्यूल के जरिए रची गई थी।
26 जुलाई को पकड़ा गया था पहला साथी: इससे पहले 26 जुलाई को पुलिस ने इसी मॉड्यूल के आरोपी सतबीर को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद पंजाब के DGP ने इस आतंकी साजिश का भंडाफोड़ किया था। रणदीप की गिरफ्तारी के बाद पुलिस सुरक्षा कारणों से सतर्कता बरत रही है और जल्द ही पुलिस के उच्चाधिकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले के और बड़े खुलासे कर सकते हैं।









