जालंधर: शहर में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब दिनदहाड़े मासूम बच्चों को भी निशाना बनाया जा रहा है। ताजा सनसनीखेज मामला किशनपुरा चौक की ओर दोमोरिया पुल के पास से सामने आया है, जहां ट्यूशन पढ़कर साइकिल से घर लौट रहे एक नाबालिग छात्र को रोककर हथियार के बल पर लूट लिया गया।

साइकिल में टक्कर मारकर रोका रास्ता: पीड़ित छात्र के अनुसार, वह शाम करीब 5:30 बजे इकहरी पुली से साइकिल पर अपने घर की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह दोमोरिया पुल के पास पहुंचा, निहंग के पहनावे में आए एक अज्ञात युवक ने जानबूझकर उसकी साइकिल में अपनी साइकिल/वाहन से टक्कर मार दी। छात्र के रुकते ही आरोपी ने तुरंत कृपाण (तलवार) निकाल ली और उसे जान से मारने की धमकी देने लगा।
तलवार दिखाकर उतारा गले का लॉकेट: बदमाश ने हथियार का खौफ दिखाकर छात्र के गले में पहना सोने का लॉकेट जबरन उतरवा लिया और मौके से फरार हो गया। इस छीना-झपटी के दौरान नाबालिग छात्र को मामूली चोटें भी आई हैं। दिनदहाड़े व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात से क्षेत्रवासियों में भारी दहशत का माहौल है।
CCTV खंगाल रही थाना नंबर-3 की पुलिस: घटना की सूचना मिलते ही थाना नंबर-3 की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तफ्तीश शुरू कर दी है। जांच अधिकारी ASI राजेश कुमार ने बताया कि पीड़ित के बयानों के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। घटना स्थल और आसपास की गलियों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।









