कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने विदेशी हथियारों की तस्करी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पंजाब के मशहूर यूट्यूबर मनप्रीत सिंह उर्फ मनी शॉकर समेत 3 मुख्य आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के पास से ‘ऑस्ट्रिया की ग्लॉक-19’ और ‘रोमानिया की कुगीर’ जैसी 5 अत्याधुनिक विदेशी पिस्तौलें और 5 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

मामले का खुलासा करते हुए DCP आदित्य वारियर ने बताया कि ADCP-2 माधवी शर्मा के दिशा-निर्देशों पर जंडियाला मोड़ पर नाकेबंदी की गई थी। इस दौरान जब संदिग्ध महिंद्रा स्कॉर्पियो (PB-08-GB-1101) को रोककर चेकिंग की गई, तो ड्राइवर के साथ बैठे यूट्यूबर मनी शॉकर से दस्तावेज मांगे गए। आरोपी ने अचानक पिस्तौल निकालकर ड्यूटी पर तैनात SI नरिंदर मोहन पर गोली चला दी। SI ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी का हाथ पीछे धकेला, जिससे गोली पास के ढाबे की दीवार में जा लगी और बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस टीम ने बहादुरी दिखाते हुए मौके पर ही मनी शॉकर और उसके साथी दिलप्रीत सिंह को दबोच लिया। तलाशी के दौरान मनी शॉकर से ऑस्ट्रिया मेड ग्लॉक पिस्तौल और बाद में पूछताछ के आधार पर 4 अन्य विदेशी हथियार बरामद किए गए।
कमिश्नरेट पुलिस ने थाना सदर में मामला (FIR नंबर 367) दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर यह पता लगा रही है कि विदेशों में बने ये घातक हथियार पंजाब में किस मकसद से और किन-किन लोगों को सप्लाई किए जाने थे।







