जालंधर: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जालंधर के परागपुर में आयोजित एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर तीखा हमला बोला है। रैली की शुरुआत में उन्होंने महान सिख गुरुओं की पवित्र धरती को नमन करते हुए कहा कि जालंधर आना उनके लिए सौभाग्य की बात है और पंजाब को नशा-मुक्त बनाने की मुहिम के तहत यहां आना उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

पंजाबियों और किसानों के योगदान को सराहा: अमित शाह ने देश की आजादी, सुरक्षा और सीमाओं की रक्षा में पंजाबियों द्वारा दिए गए बलिदानों को याद किया। उन्होंने पंजाब के अन्नदाताओं की तारीफ करते हुए कहा कि यहां का किसान पूरे देश का पेट भरता है।
31 दिसंबर 2029 की डेडलाइन: नशे के मुद्दे पर भगवंत मान सरकार को घेरते हुए गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य में ‘चिट्टे’ (ड्रग्स) के कारोबार को खुलेआम फलने-फूलने दिया जा रहा है। उन्होंने पंजाब की जनता से अपील करते हुए कहा: “आप एक बार भाजपा को मौका दीजिए, हम 31 दिसंबर 2029 से पहले पंजाब को चिट्टे के इस काले कारोबार से पूरी तरह मुक्त कर देंगे।” उन्होंने विश्वास दिलाया कि केंद्र सरकार पंजाब को नशा-मुक्त बनाने के लिए हर संभव कदम उठा रही है।









