जालंधर: शहर की शेर सिंह कॉलोनी पुल के पास बर्थडे पार्टी के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। केक काटने को लेकर हुई आपसी भिड़ंत के दौरान एक युवक पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया गया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। इस मामले में पुलिस ने 4 युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है, जिसके बाद से माहौल गर्माया हुआ है।

परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल: मामले में नामजद किए गए युवकों के परिजन भारी संख्या में लेदर कॉम्प्लेक्स पुलिस चौकी पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि पुलिस द्वारा उनके बच्चों को गलत तरीके से फंसाया जा रहा है, जबकि मुख्य हमलावर जो असल में इस वारदात के पीछे हैं, वे सरेआम खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया है।
पुलिस का पक्ष: दूसरी ओर, लेदर कॉम्प्लेक्स चौकी प्रभारी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि बर्थडे पार्टी के दौरान युवक पर जानलेवा हमला करने के पुख्ता आरोपों के आधार पर 4 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि नामजद युवक खुद को बेकसूर साबित करना चाहते हैं, तो वे अपने सबूत वरिष्ठ एसीपी (ACP) या डीसीपी (DCP) के समक्ष पेश कर सकते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से हर पहलू पर जांच कर रही है।









